हिन्दू धर्म वर्तमान राजनैतिक परिपेक्ष में

Posts tagged ‘वेद व्यास’

29 – राष्ट्रीय नायकों के पर्व


पाश्चात्य सभ्यता में रंगे लोग आजकल केक काट कर और तालियाँ बजवा कर अपना जन्मदिन स्वयं ही मना लेते हैं – लेकिन यह उस तरह है जैसे कोई अपना चुटकला सुना कर अपने आप ही हँस ले और दूसरे उस का मूहँ देखते रहैं। अपने जन्मदिन पर खुशी दूसरे दिखायें तो वह बात और होती है। वास्तव में जन्म दिन तथा विवाह की वर्षगाँठ मनाने की प्रथा भारतीयों ने योरूप वासियों से नहीं सीखी। भारत में ही महापुरुषों के जन्म मना कर अन्य लोगो को महा पुरुषों की तरह पुण्य कर्म करने के लिये प्रोत्साहित करने का प्रथा रही है। प्रेरणा नायकों की संख्या अधिक होने के कारण कुछ मुख्य महानायकों से जुडे पर्वों का संक्षिप्त वर्णन ही यहाँ दिया गया है जो समस्त भारत में मनाये जाते हैं और भारत की साँस्कृतिक विविधता में ऐकता के बोधक हैं। 

महाशिवरात्री – महा-शिवरात्री त्रिदेव भगवान शिव का पर्व है। यह पर्व फाल्गुन मास (फरवरी-मार्च) के कृष्ण पक्ष में आता है। इस दिन शिव-पार्वती का विवाह सम्पन्न हुआ था। आराधक पूरा दिन उपवास करते हैं और कुछ तो जल भी नहीं ग्रहण करते। समस्त रात्री लोग शिव मन्दिरों में पूजा करते हैं। शिव लिंग को दूध, दही, शहद और गुलाब जल अथवा गंगा जल से स्नान कराया जाता है। इसी दिन से शिव के प्रतीक विषधर सर्प भी निद्रा (हाईबरनेशन) से जाग कर खुले वातावरण में निकलने लगते हैं। 

महावीरजयन्ती – भगवान महावीर के जन्म के उपलक्ष में महावीर-जयन्ती विशेषतः गुजरात तथा राजस्थान में जैन समुदाय दूारा उल्लास के साथ मनायी जाती है। भगवान महावीर ने अहिंसा तथा सरल जीवन मार्ग से मोक्ष मार्ग का ज्ञान दिया था। इस दिन भगवान महावीर की प्रतिमाओं की शोभायात्रा निकाली जाती है।

रामनवमी राम-नवमी भगवान विष्णु के सप्तम अवतार भगवान राम का जन्म दिवस है और चैत्र मास (मार्च अप्रैल) के शुकल पक्ष की नवमी तिथि के दिन आता है। मन्दिरों को सजाया जाता है तथा लोक नायक मर्यादा पुरुषोत्तम राम की मूर्तियों को सजाया जाता है। रामायण महाकाव्य का निरन्तर उच्चारण होता रहता है। कथा वाचक रामायण की कथा को गा कर, नाटकीय ढंग से दिखा कर पर्दर्शन करते हैं। ऱाम तथा सीता की भव्य झाँकियाँ निकाली जाती हैं तथा मूर्तियों की भव्य तरीके से पूजा अर्चना की जाती है। समस्त भारत में यह त्यौहार विशेष उल्लास से मनाया जाता है। 

बैसाखीः बैसाखी विक्रमी सम्वत का प्रथम दिवस है। यही एकमात्र हिन्दू पर्व है जो रोमन केलेन्डर के साथ अकसर 13 अप्रैल को ही आता है परन्तु प्रत्येक 36 वर्ष के पश्चात 14 अप्रैल को आता है। इस दिन सूर्य मेष राशि (ऐरीस) में प्रवेश करता है जो ज़ोडिक अनुसार प्रथम राशि है। लोग बैसाखी के दिन प्रातः नदी स्नान से आरम्भ करते हैं। इसी दिन से कृषि की कटाई का काम भी आरम्भ होता है तथा किसानों को अपने परिश्रम का पुरस्कार मिलता है। इस के अतिरिक्त बैसाखी के साथ भारतीय जन जीवन की अन्य कई घटनायें जुडी हुई हैं जो संक्षिप्त में इस प्रकार हैं-

  • मुग़ल बादशाह जहाँगीर के हुक्म से सिख गुरु अर्जुन देव तथा उन के अनुयाईयों को अमानुषीय तरीके से उबलते तेल के कडाहे में फेंक कर उन पर कई तरह के असाहनीय अत्याचार किये गये थे जिस कारण बैसाखी के दिन गुरु अर्जुन देव ने लाहौर शहर के पास रावी नदी में जल स्माधि ले ली थी।
  • बैसाखी के दिन आनन्दपुर साहिब में गुरु गोबिन्द सिहं नें हिन्दू युवाओं को ‘संत-सिपाही’ की पहचान प्रदान करी थी। उन्हें मुस्लिम अत्याचार सहने के बजाय  अत्याचारों के विरुद्ध लडने के लिये भक्ति मार्ग के साथ साथ कर्मयोग का मार्ग भी अपनाने का आदेश दिया था। इसी पर्व से ‘खालसा-पंथ’ की नींव पड़ी थी।
  • इसी दिन स्वामी दया नन्द सरस्वती ने बम्बई शहर में आर्य समाज की औपचारिक स्थापना की थी। मध्य काल से हिन्दू समाज में बहुत सी कुरीतियाँ आ चुकीं थीं जिन के उनमूलन के लिये आर्य समाज संस्था ने हिन्दू समाज में सुधार कार्य किया और वैदिक संस्कृति को पुनर्स्थापित किया।

बुद्धपूर्णिमा – भगवान बुद्ध को विष्णु का नवम अवतार माना गया है। इस के उपलक्ष में वैशाख मास (अप्रैल- मई) की बुद्ध-पूर्णिमा का बहुत महत्व है क्यों कि इसी दिन भगवान बुद्ध के जीवन की तीन अति महत्वशाला घटनायें घटी थीं। बुद्ध का जन्म, उन को ज्ञान प्रकाश, तथा उन का निर्वाण (शरीर त्याग) बुद्ध-पूर्णिमा के दिन ही हुआ था। यह पर्व समस्त भारत में और विशेषतः बौध समुदाय में उल्लास के साथ मनाया जाता है। 

गुरुपूर्णिंमा – अषाढ मास की पूर्णमासी (जुलाई – अगस्त) के दिन गुरुपूर्णिमा का पर्व महाऋषि वेद व्यास की समृति में माया जाता है। उन्हों ने चारों वेदों और अठ्ठारह पुराणों का संकलन तथा महाकाव्य महाभारत की रचना की थी। हमें केवल भावनात्मिक अध्यापक दिवस (टीचर्स डे) मनाने के बजाय गुरु-पूर्णिमा को ही सरकारी तौर पर मनाना चाहिये।

रक्षाबन्धन रक्षा-बन्धन का त्यौहार मुख्यतः भाई बहन के पवित्र रिशतो का त्यौहार है। इस को समाज का संकलप-दिवस भी कह सकते हैं। यह पर्व श्रावण मास (अगस्त – सितम्बर) में मनाया जाता है। इस दिन भाई अपनी बहनों की सभी समस्याओं, आपदाओं, तथा परिस्थितियों में रक्षा करने का संकलप लेते हैं। प्रतीक स्वरुप बहने भाईयों की कलाई पर राखी बाँध कर उन्हे धर्म के बन्धन की सम़ृति दिलाती हैं कि वह अपने धर्म की भी रक्षा करें। भाई बहनों को रक्षा की प्रतिज्ञा के साथ कुछ उपहार भी देते हैं। इसी  प्रकार ब्राह्मण भी समाज के क्षत्रिय तथा वैश्य वर्णों की कलाई पर राखी बाँध कर उन से धर्म पालन तथा धर्म की रक्षा का संकलप कराते हैं। प्रति वर्ष यह त्यौहार प्रतिज्ञा दिवस के तौर पर सभी को ऐक दूसरे के प्रति कर्तव्यों का पालन करने के लिये प्रोत्साहित करता है।

जन्माष्टमी जन्माष्टमी का त्यौहार भगवान कृष्ण के जन्म दिन के उपलक्ष में भाद्रपद मास (अगस्त – सितम्बर) में मनाया जाता है। मन्दिरों को सजाया जाता है। अध्यात्मिक प्रवचन होते हैं। दूर दूर से यात्री इन स्थलों पर पहुँचते हैं। आटे को गीला कर के लोग घरों में दूार से अन्दर तक फर्श पर बच्चे के पैरों के निशान छापते है जिस का अभिप्राय भगवान कृष्ण की बाल लीला की स्मृति कराना है। कृष्ण जन्म मध्य रात्रि को हुआ था अतः उस समय इस उत्सव की प्रकाष्ठा होता है।

गणेशचतुर्थी – गणेश-चतुर्थी भाद्रपद मास (अगस्त – सितम्बर) में गणेश जी के जन्मदिन के उपलक्ष में मनायी जाती है। गणपति की बडी बडी भव्य मूर्तियों को स्थापित किया जाता है। दस दिन तक नित्य उन को सजा कर पूजा अर्चना की जाता है। उस के पश्चात उन मूर्तियों की शोभा यात्रा निकली जाती है तथा उन्हें जल में विसर्जित कर दिया जाता है। पहले यह पर्व महाराष्ट्र तथा पडोसी प्रदेशो में विशेष तौर पर मानया जाता था परन्तु आज कल समस्त देश में गणेश-चतुर्थी का पर्व धूम धाम से मनाया जाता है। इस पर्व का नैतिक तथा भावनात्मिक महत्व भी है। ऐक पौराणिक कथानुसार ऐक बार चन्द्र ने चोरी छिपे गणेश जी के डील डौल का उपहास किया था तो गणेश जी ने चन्द्र को शापित कर दिया कि जो कोई तुम्हें गणेश-चतुर्थी के दिन निहारे गा वह चोरी के आरोप से लाँच्छित होगा। इस लिये इस दिन लोग चन्द्रमाँ की ओर नहीं देखते। इस का अभिप्राय है कि व्यक्ति को बुरी संगति से भी दूर रहना चाहिये।

दीपावली – इस पर्व को दीपमाला भी कहते हैं तथा इसे कार्तिक मास (अकतूबर – नवम्बर) के कृष्ण पक्ष के अन्तिम दो दिनों तक मनाया जाता है। इस पर्व के कई कारण हैं जिन में से धन सम्पति की देवी लक्ष्मी तथा भगवान विष्णु का विवाह, महाकाली दुर्गा दूारा महिषासुर का वध, तथा भगवान ऱाम की रावण पर विजय के पश्चात अयोध्या में वापसी की समृति मुख्य हैं। इसी दिन कृष्ण ने भी नरकासुर का वध किया था। युद्ध तथा युद्धाभ्यास पर प्रस्थान करने से पूर्व व्यापारी वर्ग भी सैना के साथ जाता था ताकि वह सैनिकों के लिये अवश्यक सामिग्री जुटाते रहैं। प्रत्येक वर्ष प्रस्थान करने से पूर्व व्यापारी नये लेखे खातों में खोलते थे और समृद्धि के लिये गणेष और लक्ष्मी का पूजन भी करते थे। इस अवसर पर घरों को सजाया जाता है, रत्रि को दीप माला की जाती है। पटाखे और मिठाईयों से जीवन उल्लास मय हो जाता है। दीपावली भारत में धन सम्पति की खुशियों की चरम सीमा का अवसर होता है।

गुरु नानक जयन्ती – गुरु नानक सिख समुदाय के प्रथम गुरु थे। उन की जयन्ती का समारोह कार्तिक मास (नवम्बर) की पूर्णिमा से  लगभग तीन दिन तक मनाया जाता है। निशान साहिब (ध्वज) तथा श्री गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी में शोभा यात्रा निकाली जाती है। गुरुदूारों में श्री गुरु ग्रंथ साहिब का अखण्ड पाठ किया जाता है तथा स्मापन के समय गुरु के लंगर के माध्यम से सभी को प्रसाद के रूप में भोजन करवाया जाता है। गतका (तलवारबाजी) का प्रदर्शन किया जाता है। यह पर्व विशेषत्या पंजाब और हरियाणा में तो मनाया जाता है परन्तु विश्व भर में जहाँ जहाँ सिख साम्प्रदाय है, वहाँ भी पूरे उल्लास के साथ मनाया जाता है।

इन के अतिरिक्त जिन अन्य जन नायकों से जुडे पर्व उत्साह और उल्लास के साथ मनाये जाते हैं उन में संत रविदास, महाराज उग्रसेन, ऋषि वाल्मिकि, महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी मुख्य हैं।

भारत में किसी नायक या घटना का शोक दिवस मना कर सार्वजनिक तौर पर रोने पीटने का कोई त्यौहार नहीं मनाया जाता। मृतकों की बरसियाँ भी नहीं मनाई जातीं यह रिवाज कोई पिछले दो तीन सौ वर्षों से ही जुडे हैं और आजकल तो हर छोटे बडे नेता की बरसी मनाने का रिवाज सा चल पडा है। इस का धर्म या हिन्दू संस्कृति से कोई वास्ता नहीं।

त्यौहारों तथा पर्वों ने भारतीय समाज की साँस्कृतिक, आर्थिक, तथा अध्यात्मिक प्रगति में महत्वशाली योग दान दिया है। पर्व हमारी साँस्कृतिक आखण्डता के प्रतीक हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि समय और साधनों के आभाव तथा विदेशी दुष्प्रभाव के कारण कुछ पर्व अपनी मूल दिशा और दशा से विक़ृत हो गये हैं। कुछ असामाजिक तत्वों ने उन का रूप भी बिगाड दिया है। इस वजह से उन पर्वों से सम्बन्धित उल्लास और योगदान कुछ फीके पड गये हैं। हिन्दू समाज सुधारकों तथा सजग नागरिकों को चाहिये कि वह कुरीतियों को दूर करें और इन पर्वों का गौरव पुनर्स्थापित कर के उन्हे विदेशी गन्दगी के प्रभाव से स्वच्छ रखें।

देखा जाय तो ईद, मुहर्रम, ईस्टर, गुड फ्राईडे, क्रिसमिस आदि त्यौहारों का भारत की संस्कृति या घटनाओं से कोई सम्बन्ध नहीं है। यह त्यौहार हमारे लिये आर्थिक उपनेषवाद का ऐक हिस्सा हैं। कई बहुराष्ट्रीय कम्पनियाँ अपने उत्पादकों को बढावा देने के लिये कई विदेशी त्यौहारों की भारत के जन जीवन में घुस पैठ करवा रही हैं जिस से यह आभास होता है कि भारत की अपनी कोई संस्कृति ही नहीं थी। वर्ष में ऐक दिन फादर्स डे या मदर्स डे मना लेने से माता पिता की सेवा नही होती जिन्हें बाकी वर्ष वृद्धाश्रमों में छोड दिया जाता है। यही हाल टीचरों का है। वेलन्टाईन डे केवल नाचने और सार्वजनिक स्थानों पर चुम्बन-आलिंगन करने का बहाना मात्र है।  जब हमारी अपनी संस्कृति इतनी समृद्ध है तो हमें योरूप वासियों से पर्व उधार लेने की कोई आवश्यक्ता नहीं है। यह केवल हमारे मन में हीन भावना भरने तथा विदेशी कम्पनियों के सामान को बेचने का निमित मात्र है।  हमें अपनी साँस्कृतिक विरासत की रक्षा स्वयं करनी है और बाहर से त्यौहार आयात करने की जरूरत नहीं। 

भारत में क्रिसमिस पर्व के साथ साथ पहली जनवरी को नब वर्ष दिवस को भी व्यापारिक क्षेत्र की वजह से बहुत बढावा मिल रहा है क्यों कि इस के बहाने से ग्रीटिंग कार्ड, साँटा क्लाज के छोटे बडे पुतले, क्रिसमिस ट्री, क्रास आदि बेचे जाते हैं, तथा होटलों में खानपान के लिये लाखों की संख्या में टरकियाँ (ऐक विशेष प्रकार की मुर्ग़ी) खाने के लिये काटी जातीं है। शराब पीकर वाहन चालक दूर्घटनाओं के साथ इसाईयों के नव वर्ष की शुरूात करते हैं। इन सभी बातों का भारतीय परम्पराओं और भावनाओं के साथ कोई सम्बन्ध नहीं है और विदेशी कम्पनियाँ तथा उन के भारतीय ऐजेन्ट केवल भारतीय मूल्यों के हानि के लिये कर रहै हैं। ऐसा लगता है जैसे कोई रंगी पुती स्त्री को देख कर चकाचौंध हो जाये और अपनी सुशिक्षित ऐवम सभ्य माता को कोसने लगे। पर्व आयात वही देश करते हैं जिन की अपनी कोई सभ्यता या परम्परा ना हो किन्तु भारत के लोगों को इस प्रकार के त्यौहारों को मनाने के बदले भारतीय मूल के त्यौहारों के मनाने की शैली में और अधिक सुधार तथा उल्लास लाना चाहिये।  

चाँद शर्मा

 

24 – हिन्दू समाज और महिलायें


हिन्दू समाज में महिलाओं के विशिष्ठ स्थान का अनुमान इसी तथ्य से लगाया जा सकता है कि प्रत्येक हिन्दू देवता के साथ उस की पत्नी का नाम, चित्र, तथा प्रतिमा का भी वही महत्व  होता है जो देवता के लिये नियुक्त है। पत्नियों का मान सम्मान भी देवता के समान ही होता है और उन्हें केवल विलास का निमित मात्र नहीं समझा जाता। पत्नियों को देवी कह कर सम्बोधित किया जाता है तथा उन के सम्मान में भी मन्त्र और श्लोक कहे जाते हैं। देवियों को भी उन के पतियों की भान्ति वरदान तथा श्राप देने का अधिकार भी प्राप्त है।

हिन्दू समाज में स्त्रियों के विशिष्ट स्थान को दर्शाने के लिये मनुस्मृति का निम्नलिखित श्लोक पर्याप्त हैः- 

                यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः।

                          यत्रैतास्तु न पूज्यन्ते सर्वास्तत्राफलाः क्रियाः।। (मनु स्मृति 3-56)

जिस कुल में स्त्रीयाँ पूजित होती हैं, उस कुल से देवता प्रसन्न होते हैं। जहाँ स्त्रीयों का अपमान होता है, वहाँ सभी ज्ञानदि कर्म निष्फल होते हैं।

व्यक्तिगत स्वतन्त्रता

आदि काल से ही सभी देशों और समाजों में स्त्रियां आँतरिक और पुरुष बाह्य जिम्मेदारियां निभाते चले आ रहे हैं। हिन्दू समाज में वैदिक काल से ही स्त्रियों को पूर्ण स्वतन्त्रता प्राप्त रही है। वह अपने व्यक्तित्व के विकास के लिये पुरुषों के समान वैदिक पठन पाठन, मनोरंजन के लिये संगीत, नृत्य, और चित्रकला आदि का अभ्यास कर सकती थीं। शास्त्र पठन के इलावा स्त्रियाँ अपनी सुरक्षा के लिये शस्त्र विद्या में भी निपुण हो सकती थीं। वह अध्यात्मिक उन्नति के लिये सन्यासाश्रम में भी रह सकती थीं। स्वतन्त्र आर्थिक निर्भरता के लिये कोई  सा भी व्यवसाय अपने लिये चुन सकती थीं। अपनी रुचि अनुसार अध्यापन, चिकित्सा, नाटक, गणित, खगोलशास्त्र के क्षेत्र में अपना योगदान दे सकती थीं और समय पड़ने पर रानी कैकेयी की तरह अपने पति दशरथ के साथ युद्ध क्षेत्र में सहयोग भी कर सकती थीं। गृहस्थ अथवा संन्यास आश्रम में पति के साथ वनों में भी रह सकती थीं। सीता, अहिल्लया, अरुन्धाती, गार्गी, सावित्री, अनुसूईया आदि कई उल्लेखनीय स्त्रियों के नाम गिनाये जा सकते हैं जिन्हों ने विविध क्षेत्रों में अपना योग दान दिया है।

समाज में स्त्रियों के कल्याण के महत्व को समाजशास्त्र के जनक मनु महाराज ने इस प्रकार उजागर किया हैः-

                शोचन्ति जामयो यत्र विनश्यत्याशु तत्कुलम्।

                          न शोचन्ति नु यत्रता वर्धते तद्धि सर्वदा ।। (मनु स्मृति 3-57)

जिस कुल में बहू-बेटियां क्लेश भोगती हैं वह कुल शीघ्र नष्ट हो जाता है। किन्तु जहाँ उन्हें किसी तरह का दुःख नहीं होता वह कुल सर्वदा बढ़ता ही रहता है।

हिन्दू समाज की तुलना में अन्य समुदायों, धर्मों, सभ्यताओं और देशों में स्थिति पूर्णत्या इस के उलट है। वहाँ स्त्रियों को केवल मनोरंजन और विलास का साधन मान कर हरम के पर्दे के पीछे ही रखा जाता रहा है। उन्हें पुरुषों के समान विद्या पढ़ने से वँचित किया जाता है। और तो और वह सार्वजनिक तौर पर पूजा पाठ भी नहीं कर सकतीं। असमानतायें यहाँ तक हैं कि न्याय क्षेत्र में स्त्रियों की गवाही को पुरूषों के विरुध स्वीकारा भी नहीं जाता।

विवाहित सम्बन्ध

हिन्दू समाज में स्त्री-पुरुष का विवाहित सम्बन्ध केवन सन्तान उत्पति के लिये ही नहीं, बल्कि समस्त धार्मिक तथा सामाजिक कार्यों में योग दान देने के लिये होता है। कोई भी यज्ञ या अनुष्ठान पत्नी के बिना पूर्ण नहीं माना जाता। इसी लिये पत्नी को धर्मपत्नी कह कर सम्बोधित किया जाता है। अन्य समाजों में प्रेमिका से विवाह करने का प्राविधान केवल शारीरिक सम्बन्धों का अभिप्राय प्रगट करता है किन्तु हिन्दू समाज में ‘जिस से विवाह करो-उसी से प्रेम करो’ का सिद्धान्त कर्तव्यों तथा अध्यात्मिक सम्बन्धों का बोध कराता है। हिन्दू धर्म में सम्बन्ध-विच्छेद (डाइवोर्स) का कोई प्रावधान नहीं। विवाह जीवन-मरण का साथ होता है और व्यवसायिक सम्बन्ध ना हो कर कई जन्मों का धर्मप्रायण सम्बन्ध होता है। 

पति-पत्नि के अतिरिक्त विवाह के माध्यम से दो परिवारों के कई सदस्यों का समबन्ध भी जुडता है और समाज संगठित होता जाता है। विवाह की सफलता के लिये जरूरी है कि वर तथा वधु के बीच शरीरिक, वैचारिक, आर्थिक तथा सामाजिक रहनसहन में ऐकीकरण हो। थोडी बहुत ऊँच-नीच की कमी धैर्य, सहनशीलता, परिवर्तनशीलता आदि से पूरी करी जा सकती है किन्तु अगर विरोधाभास बहुत ज्यादा हों तो वैवाहिक जीवन और परिवारिक सम्बन्ध असंतोषजनक होते हैं। इसी लिये भावावेश में केवल सौन्दर्य या किसी ऐक पक्ष से प्रभावित होकर वर-वधु के आपस में विवाह करने के बजाये हिन्दू समाज में अधिकतर माता पिता ही यथार्थ तथ्यों की जाँच कर के ही अपनी सन्तान का विवाह संस्कार करवाते हैं। इसे ही जातीय विवाह या अरैंजड मैरिज  कहते हैं। इसी कारण हिन्दू समाज में तलाक आदि बहुत कम होते हैं।

स्वयंवर प्रथा 

हिन्दू कन्याय़ें प्राचीन काल से ही स्वयंवर प्रथा के माध्यम से अपने लिये वर का चुनाव करती रही हैं। उन्हें भरे बाजार नीलाम नहीं किया जाता था। साधारणतया माता पिता ही अपनी सन्तान का विवाह संस्कार करवाते हैं परन्तु कन्याओं को रीति रिवाज रहित गाँधर्व विवाह करने की अनुमति भी रही है जिस को हिन्दू समाज ने मान्यता प्राचीन काल से ही दी हुयी है। आज कल के परिवेश में इसे लव-मेरिज कहा जाता है। किन्तु हिन्दू समाज में निर्लज्जता अक्ष्म्य है। निर्लज औरत को शूर्पणखा का प्रतीक माना जाता है फिर चाहे वह परम सुन्दरी ही क्यों ना हो। सामाजिक सीमाओं का उल्लंघन करने वाली स्त्री का जीवन सरल नहीं है। इस तथ्य को रामायण की नायिका सीता के संदर्भ में भी देखा जा सकता है जिसे आदर्श पत्नी होते हुये भी केवल एक अपरिचित सन्यासी रूपी रावण को भिक्षा देने के कारण परिवार की मर्यादा का उल्लंधन करने की भारी कीमत चुकानी पड़ी थी और परिवार में पुनः वापिस आने के लिये अग्नि परीक्षा से उत्तीर्ण होना पड़ा था।

अन्तर्जातीय विवाह

हिन्दू इतिहास में अन्तर्जातीय विवाहों का चलन भी रहा है। वेदों के संकलन कर्ता महा ऋषि वेद व्यास अवैवाहित मछवारी कन्या सत्यवती, और पिता ऋषि पराशर की सन्तान थे। इसी सत्यवती से कालान्तर कुरु वंश के क्षत्रिय राजा शान्तनु ने विवाह किया था। शान्तनु की पहली पत्नी गंगा से उन के पुत्र भीष्म थे जिन्हों  स्वेच्छा से प्रतिज्ञा कर के हस्तिनापुर के सिंहासन का त्याग कर दिया था ताकि सत्यवती से उत्पन्न पुत्र उत्तराधिकारी बन सके।

ब्राह्मण दैत्यगुरु शुक्राचार्य की पुत्री देवय्यानी का विवाह क्षत्रिय राजा ययाति से हुआ था। इसी प्रकार ब्राह्मण कन्या शकुन्तला का विवाह भी क्षत्रिय राजा दुष्यन्त से हुआ था। पाँडू पुत्र भीम का विवाह राक्षसी कन्या हिडम्बा से, अर्जुन का विवाह यादव वँशी सुभद्रा तथा नाग कन्या उलूपी के साथ हुआ था।

गृह लक्ष्मी की प्रतिमूर्ति

परिवार ही ऐसी संस्था है जो समाज के विकास को आगे बढ़ाती है। परिवार में स्त्रियों का योगदान सर्वाधिक तथा केन्द्रीय है। हिन्दू परिवारों में कीर्तिमान के तौर पर ऐक आदर्श गृहणी को ही दर्शाया जाता है। उस की छवि गृह लक्ष्मी, आदर्श सहायिका तथा आदर्श संरक्षिता की है। भारतीय स्त्रियों के आदर्श ‘लैला ’ और ‘ज्यूलियट’ के बजाय सीता, सावित्री, गाँधारी, दमयन्ती के चरित्र रखे जाते है। प्रतीक स्वरूप स्त्रियां अपने चरित्र निर्माण के लिये समृद्धि रूपणी लक्ष्मी, विद्या रूपणी सरस्वती या फिर वीरता रूपणी दुर्गा की छवि को कीर्तिमान बना सकती हैं। हमारे इतिहासों में कई शकुन्तला, सीता तथा जीजाबाई जैसी महिलाओं के उल्लेख हैं जिन्हों ने अपने पति से बिछुडने के पश्चात कठिनाइयों में अकेले रह कर भी अपनी सन्तानों को ना केवल पाला, बल्कि उन का मार्ग दर्शन कर के उन्हें वीरता का पाठ भी पढाया।

इस संदर्भ में शर्म की बात है कि आज भारत में मदर्स डे मनाने के लिये हमारी युवा पीढी भारत की आदर्श महिलाओं को भुला कर किसी अनजानी और अनामिक विदेशी ‘मदर को ही प्रतीक मान पाश्चात्य देशों की भेड चाल में लग रही है। वास्तविक मदर्स डे तो अपनी माता की जन्म तिथि होनी चाहिये। 

प्राकृतिक असमानतायें 

हिन्दू मतानुसार स्त्री-पुरुष दोनो के जीवन का चरम लक्ष्य मोक्ष की प्राप्ति है। मोक्ष प्राप्ति के साधन भी दोनो के लिये समान हैं। जीवन शैली में पवित्रता, आत्म-नियन्त्रण, आस्था तथा सातविक्ता का होना स्त्री पुरुष दोनो के लिये आवश्यक है। किन्तु हिन्दू समाज स्त्री पुरुष के शरीर की प्राकृतिक विभिन्नताओं के प्रति भी जागरूक है। दोनो के बीच जो मानसिक तथा भावनात्मिक अन्तर हैं उन को भी समझा है। स्त्रियों के शरीर का प्रत्येक अंग उन विषमताओं का प्रगटीकरण करता है। उन्हीं शरीरिक, मानसिक तथा भावनात्मिक असमानताओं पर विचार कर के स्त्री-पुरुषों के लिये अलग अलग कार्य क्षेत्र तथा आचरण का प्रावधान किया गया है। 

प्रतिदून्दी नहीं, जीवन संगिनी 

समस्त विश्व में स्त्री पुरुष के आपसी कर्तव्यों में एक परम्परा रही है जिस के फलस्वरूप पुरुष साधन जुटाने का काम करते रहै हैं और स्त्रियाँ साधनों के सदोप्योग का कार्य भार सम्भालती रही हैं। आजकल पाश्चात्य संस्कृति के प्रभाव के कारण कुछ लोग स्त्री-पुरुषों में लैंगिक समान्ता का विवाद खडा कर के विषमता पैदा कर रहै हैं। वह इसलिये भ्रम पैदा कर रहै हैं ताकि भारतीय महिलायें पाश्चात्य संस्कृति को अपना लें। स्त्रियाँ पुरुषों से प्रतिस्पर्धा करें और प्रतिदून्दी की तरह अपना अधिकार माँगें। स्त्रियाँ सहयोगिनी बनने के बजाय उन की प्रतिदून्दी बन जायें और हिन्दू समाज में परिवार की आधार शिला ही कमजोर हो जाये।

समझने की बात यह है कि जो अल्ट्रा-माडर्न स्त्रियाँ दूसरों को भड़काती हैं वह भी जब अपने लिये वर चुनती हैं तो अपनी निजि क्षमता से उच्च पति ही अपने लिये खोजती हैं। कोई भी कन्या अपने से कम योग्यता या क्षमता वाले व्यक्ति को अपना पति नहीं चुनती। उन की यही आकांक्षा ही उन की ‘फ्रीडम ’ के खोखलेपन को प्रमाणित करती है।

पाश्चात्य संस्कृति का असर

पाश्चात्य संस्कृति के भ्रमात्मिक प्रभाव के कारण हिन्दू समाज में कुछ दुष्परिणाम भी सामने आये हैं। कहीं कहीं कुछ हिन्दू महिलायें अपने प्राकृतिक तथा परम्परागत कर्तव्यों से भटक कर अपने लिये नयी पहचान बनाने में जुट गयी हैं। वह घरों में रह कर केवल संतान उत्पन्न करने का निमित मात्र नहीं बनना चाहतीं बल्कि निजि उन्नति और पहचान के मार्ग ढूंड रही हैं जिस के कारण होटल उन के घरों का विकलप बन गये हैं। आर्थिक स्वालम्बन की चाह में स्त्रियाँ नौकरी के लिये घरों से बाहर निकल पडी हैं और घरों का जीवन तनाव तथा थकान पूर्ण बन गया है। घरों में ऐक अशान्ति, अनिशचिता तथा असुरक्षा का वातावरण उभर रहा है। छोटे बच्चे जन्म से ही माता के वात्सल्य के अभाव के कारण निरंकुश और स्वार्थी हो रहे हैं। उन की देख भाल का जिम्मा क्रैश हाउस   या ‘आया’ के ऊपर होने से संताने संस्कार हीन हो रही हैं ।

जो हिन्दू स्त्रियां अपने प्राकृतिक स्वभाव के साथ खिलवाड कर रही हैं उन्हें सत्यता जानने के लिये कहीं दूर जाने की आवशक्ता नहीं। अपने पडोस में ही देखने से पता चल जाये गा। जिन घरों में महिलायें अपनी सन्तान को क्रैश हाउस  या नौकरों के सहारे छोड कर पाल रही हैं, उन के बच्चे वात्सल्य के अभाव में स्वार्थी, असंवेदनशील, असुरक्षित तथा विक़ृत व्यक्तित्व में उभर रहे हैं। इस के विपरीत जहां सन्तानों को मातृत्व का संरक्षण प्राप्त है वहाँ बच्चे सभी प्रकार से विकसित हो रहे हैं। आप के होंठ भले ही इस सच्चाई को मानने की हिम्मत ना जुटा पायें किन्तु आप की अन्तरात्मा इस तथ्य को अवश्य ही स्वीकार कर ले गी।         

समस्या का समाधान अपनी पुरानी परम्पराओं की तरफ लौटने में है। महिलाओं की शिक्षा उन के प्राकृतिक स्वभाव के अनुरूप ही होनी चाहिये। नारी शक्ति सर्जन तथा संरक्षण के लिये है धन कमाने के लिये नहीं। 

आज भारत की महिलायें चाहें तो संसद का सभी सीटों के लिये निर्वाचन में भाग ले सकती हैं। विश्व के कई देशों की महिलायें आज भी इस अधिकार से वँचित हैं। लेकिन आज भारत में ही लिंग भेद के आधार पर महिलाओं को निर्वाचित पदों पर आरक्षण दे कर संसद में बैठाने की योजना बन रही है जो देश, समाज, और परीवार के लिये घातक होगी। ऐक तरफ हमारी संसद कुछ राजनेताओं के हाथ की कठपुतली बन कर रिमोट कन्ट्रोल के सहारे चले गी तो दूसरी ओर परिवारों के अन्दर प्रतिस्पर्धा के साथ साथ अशान्ति बढती जाये गी।

रिमोट कन्ट्रोल का प्रत्यक्ष प्रमाण तो हम देख रहै हैं। हमारे देश की सत्ता ऐक मामूली अंग्रेजी पढी विदेशी मूल की स्त्री के हाथ में है जो हमारे देश पर कुछ गिने चुने स्वार्थी राजनौतिक चापलूसों के सहयोग से शासन कर रही है। उसी के सामने भारत की माडर्न युवतियाँ आरक्षण मांग रही हैं ताकि भारतीय वीरांग्नाओं की माडर्न पीढी अपने देश में स्त्री-पुरूष समानता का स्वाद चख सके। इस से अधिक शर्मनाक और क्या हो सकता है। हमारी किसी भी माडर्न युवती में यह साहस या महत्वकाँक्षा नहीं कि वह अपने बल बूते पर इटली के शासन तन्त्र में कोई महत्वपूर्ण पद ग्रहण कर सके। आज भारत की युवा महिलायें अपने आदर्शों को भूल कर लव-जिहाद का शिकार बन कर अपने और अपने परिवारों के जीवन में विष घोल बैठती हैं।

पाशचात्य देशों में स्त्री पुरुष दोनो अपनी निजि रुचि अनुसार चलते हैं तो वैवाहिक जीवन अस्थिर और तनाव पूर्ण है। इस्लामी देशों में स्त्री का अस्तित्व गाडी के पाँचवें टायर जैसा है लेकिन हिन्दू समाज में घर के अन्दर स्त्री प्रधानता है और बाहर पुरुष की। अब अपना रास्ता चुनने के लिये नतीजे प्रत्यक्ष हैं।

चाँद शर्मा

 

 

 

 

15 – विशाल महाभारत


महाभारत को पहले भारत संहिता कहा जाता था। ज्ञान तथा जीवन दर्शन का ग्रँथ होने के कारण इसे पंचम वेद भी कहते हैं। कालान्तर इस का नाम महाभारत पडा। विश्व साहित्य में महाभारत सब से विशाल महाकाव्य है जिस के रचनाकार मह़ृर्षि वेद व्यास थे। रामायण की तरह इस महाकाव्य को भी विश्व की सभी भाषाओं में अनुवाद किया जा चुका है तथा भारत के अतिरिक्त अन्य भाषाओं के लेखक भी इस ग्रंथ से प्ररेरित हुये हैं। महाभारत का रूपान्तर काव्य के अतिरिक्त कथा, नाटक, और कथा-चित्रावलियों में भी हो चुका है। भारत की समस्त नृत्य शैलियों तथा संगीत नाटिकाओं में भी इस महाकाव्य के कथांशों को दर्शाया जाता है। महाभारत कथाओं पर कितने ही श्रंखला चल-चित्रों का निर्माण भी हो चुका है तथा अभी भी इस महाकाव्य का कथानक इतना सशक्त है कि आधुनिक तकनीक का प्रयोग कर के बेनहूर, हैरी पाटर, अवतार और लार्ड आफ दि रिंग्स से भी अधिक भव्य चल-चित्रों का निर्माण सफलता पूर्वक किया जा सकता है।

भारतीय जीवन का चित्रण

यह महाकाव्य भारतीय जीवन के सभी अंगों का विस्तरित चित्रण करता है। प्राचीन काल में सेंसर शिप नहीं होती थी। शेक्सपियर आदि के नाटकों के मूल संस्करणों में भद्दी गालियों से भरे सम्वाद भी मिलते हैं जो आजकल विश्व विद्यालयों के संस्करणों में पुनः सम्पादित कर के निकाल दिये जाते हैं। यथार्थवाद के नाम पर भी कई चल चित्रों में गाली गलौच वाली भाषा के संवाद होते हैं किन्तु महाभारत के रचना कार ने अपनी लेखनी पर स्वेच्छिक नियंत्रण रखा है। कौरवों तथा पाँडवों के जन्म से जुडे़ कथानक को अलंकार के रूप से लिखा गया है  ताकि उस में कोई अशलीलता ना आये। पाठक चाहें तो उसे यथार्थ से जोड कर देखें, चाहे तो ग्रंथकार की कल्पना को सराहें। किन्तु जो कुछ और जैसे भी लिखा है वह वैज्ञियानिक दृष्टि से भी सम्भव है।

युगों की ऐतिहासिक कडी

महाकाव्य रामायण की गाथा त्रैता युग की घटना है तो महाभारत की कथा दूआपर युग से आरम्भ हो कर कलियुग के आगमन तक का इतिहास है। कुछ पात्र तो रामायण और महाभारत में संयुक्त पात्र हैं जैसे कि देवऋर्षि नारद, भगवान परशुराम तथा हनुमान जो कि सतयुग, त्रेता, दूआपर और कलियुग को जोडने की कड़ी बन चुके हैं। यह पात्र स्नातन धर्म की निरन्तर श्रंखला को आदि काल से आधुनिक युग तक जोडते हैं।

कौरवों तथा पाँडवों को मिला कर महाभारत के युद्ध में 18 अक्षौहिणी सैनाओं ने भाग लिया था। ऐक अक्षौहिणी सेना में 21870 रथ, 21870 हाथी, 109350 पैदल ऐर 65610 घुड सवार होते हैं। युद्ध के उल्लेख महाकाव्यों के अनुरूप भव्य होते हुये भी सैनिक दृष्टि से तर्क संगत हैं तथा ऐक विश्व युद्ध का आभास देते हैं।

महाभारत मुख्यता कौरव-पाँडव वंशो, उन के वंशजों तथा तत्कालीन भारत के अन्य वंशों के परस्पर सम्बन्धों, संघर्षों, रीति रिवाजों की गाथा है जो अंततः निर्णायक महाभारत युद्ध की ओर बढ़ती है। महाभारत युद्ध अठारह दिन चलता है और उस में दोनों पक्षों की अठारह अक्षोहणी सेना के साथ भारत के लग-भग सभी क्षत्रिय वीरों का अंत हो जाता है। महाभारत कथानक में सभी पात्र निजि गाथा के साथ संजीव हो कर जुड़ते हैं तथा मानव जीवन के उच्चतम एवं निम्नतम व्यव्हारिक स्तरों को दर्शाते हैं। लग भग एक लाख श्र्लोकों  में से छहत्तर हजार श्र्लोकों में तो पात्रों के आख्यानों का उल्लेख है जो महाकाव्य को महायुद्ध के कलाईमेक्स की ओर ले जाते हैं।

महाभारत काल में दर्शायी गयी भारतीय सभ्यता एक अति विकसित सभ्यता है तथा दर्शाये गये पात्र महामानव होते हुये भी यथार्थ स्वरूप लगते हैं। कथानक के पात्र केवल भारत में ही नहीं अपितु स्वर्ग लोक और पाताल लोक में भी विचरते हैं। एक उल्लेखनीत तथ्य और भी उजागर होता है कि रामायण का अपेक्षा महाभारत में राक्षस पात्र बहुत कम हैं जिस से सामाजिक विकास का आभास मिलता है। 

नैतिक महत्व 

रामायण में तो केवल राम का चरित्र ही आदर्श कर्तव्यपरायणता का प्रत्येक स्थिति के लिये  कीर्तिमान है किन्तु महाभारत में सामाजिक जीवन की कई घटनाओं तथा परिस्थतियों में समस्याओं से जूझना चित्रित किया गया है। महाभारत में लग भग बीस हजार से अधिक श्र्लोक धर्म ऐवं नीति के बारे में हैं।

श्रीमद् भागवद गीता

श्रीमद् भागवद गीता महाभारत महाकाव्य का ही विशिष्ठ भाग है। यह संसार की सब से लम्बी दार्शनिक कविता है। गीता महाभारत युद्ध आरम्भ होने से पहले भगवान कृष्ण और कुन्ती पुत्र अर्जुन के बीच वार्तालाप की शैली में लिखी गयी है। गीता की दार्शनिक्ता  संक्षिप्त में उपनिष्दों तथा हिन्दू विचारधारा का पूर्ण सारांश है। गीता का संदेश महान, प्रेरणादायक, तर्क संगत तथा प्रत्येक स्थिति में यथेष्ठ है। संक्षिप्त में गीता सार इस प्रकार हैः-

  • जब भी संसार में धर्म की हानि होती है ईश्वर धर्म की पुनः स्थापना करने के लिये किसी ना किसी रूप में अवतरित होते हैं।
  • ईश्वर सभी प्रकार के ज्ञान का स्त्रोत्र हैं। वह सर्व शक्तिमान, सर्वज्ञ्य तथा सर्व व्यापक हैं। 
  • म़त्यु केवल शरीर की होती है। आत्मा अजर और अमर है। वह पहले शरीर के अंत के पश्चात दूसरे शरीर में पुनः प्रवेश कर के नये शरीर के अनुकूल क्रियायें करती है।
  • जन्म-मरण का यह क्रम आत्मा की मुक्ति तक निरन्तर चलता रहता है।
  • सत्य और धर्म स्दैव अधर्म पर विजयी होते हैं।
  • सभी एक ही ईश्वर की अपनी अपनी आस्थानुसार आराधना करते हैं किन्तु ईश्वर के जिस रूप में आराधक आस्था व्यक्त करता है ईश्वर उसी रूप को सार्थक कर के उपासक की आराधना को स्वीकार कर लेते हैं। इसी वाक्य में हिन्दू धर्म की धर्म निर्पैक्षता समायी हुयी है।
  • हर प्राणी को अपनी निजि रुचि के अनुकूल धर्मानुसार कर्म करना चाहिये तथा अपने कर्मों को ईश्वर के प्रति समर्पित कर देना चाहिये।
  • हर प्राणी को बिना किसी पुरस्कार के लोभ या त्रिरस्कार के भय के अपना कर्तव्य पालन करना चाहिये तथा अपने मनोभावों को कर्तव्य पालन करते समय विरक्त रखना चाहिये।
  • प्राणी का अधिकार केवल कर्म पर है, कर्म के फल पर नहीं। कर्म फल ईश्वर के आधीन है।
  • अहिंसा परम धर्म है उसी प्रकार धर्म रक्षा हेतु हिंसा भी उचित है।
  • अति सर्वत्र वर्जित है।

आत्म विकास

महाभारत की कथा में श्रीकृष्ण की भूमिका अत्यन्त महत्वशाली है। युद्ध को टालने की सभी कोशिशें असफल होने के पश्चात श्रीकृष्ण ने उस महायुद्ध के संचालन में ऐक विशिष्ट भूमिका निभाई तथा आसुरी और अधर्म प्रवृति की शक्तियों पर विजय पाने का मार्ग भी दर्शाया। किसी आदर्श की सफलता के लिये युक्ति प्रयोग करने का अनुमोदन किया। कौरव सैना के अजय महारथियों का वध युक्ति से ही किया गया था जिस के प्रमुख सलाहकार श्रीकृष्ण स्वयं थे। कोरे आदर्श, अहिंसा तथा निष्क्रियता से अधर्म पर विजय प्राप्त नहीं की जा सकती। उस के लिये कर्मयोग तथा युक्ति का प्रयोग नितान्त आवश्यक है।  

श्रीमद् भागवद गीता में मानव के आत्म विकास के चार विकल्प योग साधनाओं के रूप में बताये गये हैं –

  • कर्म योगः – कर्म योग साधना कर्मठ व्यक्तियों के लिये है। इस का अर्थ है कि प्रत्येक परिस्थिति में अपना कर्तव्य निभाओं किन्तु अपने कर्म के साथ किसी पुरस्कार की चाह अथवा त्रिरस्कार का भय त्याग दो। 
  • भक्ति योगः- भक्ति योगः साधना निष्क्रयता का आभास देता है। ईश्वर में श्रद्धा रखो तथा जब परिस्थिति आ जाये तो अपना कर्तव्य निभाओं किन्तु अपने कर्म को ईश्वर की आज्ञा समझ कर करो जिस में निजि स्वार्थ कुछ नहीं होना चाहिये। अच्छा – बुरा जो कुछ भी फल निकले वह ईश्वरीय इच्छा समझ कर हताश होने की ज़रूरत नहीं। कर्ता ईश्वर है और जैसा ईश्वर रखे उसी में संतुष्ट रहो।
  • राज योगः – राज योगः का सिद्धान्त अष्टांग योग भी कहलाता है। य़म, नियम, आसन, प्राणायाम, प्रत्यहार, धारणा, ध्यान तथा समाधि इस योग के आठ अंग हैं जिन का निरन्तर अभ्यास मानव को स्वस्थ शरीर तथा पूर्णत्या विकसित दिमागं की क्षमता प्रदान करता है जिस से मानव प्रत्येक परिस्थिति में धैर्य तथा स्थित प्रज्ञ्य रह कर अपने कर्तव्य तथा कर्म का चयन कर सके। इस प्रकार मानव अपनी इन्द्रियों तथा भावनाओं को वश में रखते हुये संतुलित निर्णय तथा कर्म कर सकता है। 
  • ज्ञान योगः – ज्ञान योगः की साधना उन व्यक्तियों के लिये है जो सूक्षम विचारों के साथ अपने कर्तव्य पालन के सभी तथ्यों पर विचार कर के उचित निर्णय करने में कुशल हों। कुछ भी तथ्य छूटना नहीं चाहिये। ज्ञान योगः साधना कठिन होने के कारण बहुत कम व्यक्ति ही इस मार्ग पर चलते हैं।

मध्य मार्ग इन सभी साधनाओं का मिश्रण है जिस में छोड़ा बहुत अंग निजि रुचि अनुसार चारों साधनाओं से लिया जा सकता है। कर्मठ व्यक्ति कर्म योग को अपनाये गा किन्तु भाग्य तथा ईश्वर के प्रति श्रद्धालु भक्ति मार्ग को अपने लिये चुने गा। तर्कवादी राज योग से निर्णय तथा कर्म का चेयन करें गे और योगी संन्यासी तथा दार्शनिक साधक ज्ञान योग से ही कर्म करें गे। पशु पक्षी अपने कर्म निजि परिवृति के अनुसार करते हैं जिस लिये उन्हें कर्ता का अभिमान या क्षोभ नहीं होता। सारांश सभी का ऐक है कि अपना कर्म निस्वार्थ हो कर करो और फल की चाह ना करो।

गीता की दार्शनिक्ता विश्व में सब से प्राचीन है और वह सभी जातियों देशों के लिये प्रत्येक स्थिति में मान्य है। हिन्दू विचार धारा सब से सरल तथा सभी विचारधाराओं का संक्षिप्त विकलप है।

ऐतिहासिक महत्व

मानव सृष्टि के इतिहास में भारत का इतिहास सर्वप्राचीन माना जाता है। भारत के सूर्यवंश और चन्दवंश का इतिहास जितना पुराना है उतना पुराना इतिहास विश्व के अन्य किसी भी वंश का नहीं है। यदि रामायण सूर्यवंशी राजाओं का इतिहास है तो महाभारत चन्द्रवंशी राजाओं का इतिहास है। चीन सीरिया और मिश्र में जिन राजवंशों का वृतान्त पाया जाता है वह चन्द्रवंश की ही शाखायें हैं।

उन दिनों इतिहास, आख्यान, संहिता तथा पुराण को ऐक ही अर्थ में प्रयोग किया जाता था। रामायण, महाभारत तथा पुराण हमारे प्राचीन इतिहास के बहुमूल्य स्त्रोत्र हैं जिन को केवल साहित्य समझ कर अछूता छोड़ दिया गया है। महाभारत काल के पश्चात से मौर्य वंश तक का इतिहास नष्ट अथवा लुप्त हो चुका है। इतिहास की विक्षप्त श्रंखलाओं को पुनः जोड़ने के लिये हमें पुराणों तथा महाकाव्यों पर शोध करना होगा।

चाँद शर्मा

 

टैग का बादल